
दिनदहाड़े ग्रामीण डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, शव नहर किनारे फेंका
हाइलाइट्स:
- औरंगाबाद जिले में दिनदहाड़े डॉक्टर की निर्मम हत्या।
- शव नहर के किनारे बरामद, सीने पर गोली के निशान और एक आंख फूटी हुई।
- घटनास्थल पर डॉक्टर का जला हुआ बैग और बाइक मिली।
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
Report By : Chitranjan Kumar || Date : 13 Jan 2025 ||
औरंगाबाद (बिहार): बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में शायद ही ऐसा कोई दिन बीतता हो जब हत्या, लूट, या डकैती की घटनाएं सामने न आती हों। इसी सिलसिले में औरंगाबाद जिले में अपराधियों ने एक और नृशंस घटना को अंजाम दिया। बारूण थाना क्षेत्र के पटना कैनाल पर खंडा मितराज गांव के पास एक ग्रामीण डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को नहर किनारे फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के मोरसराय गांव निवासी अनिल सिंह के रूप में हुई है। अनिल सिंह पेशे से ग्रामीण डॉक्टर थे और ओबरा में एक निजी क्लिनिक चलाते थे। जानकारी के अनुसार, घटना के समय अनिल सिंह अपनी क्लिनिक से घर लौट रहे थे। वे प्रतिदिन इसी रास्ते से आते-जाते थे।
घटना की जानकारी औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-01 संजय कुमार पांडे ने दी। उन्होंने बताया कि बारूण से दाउदनगर जाने वाली नहर के किनारे शव मिला। मृतक की सीने पर गोली के निशान थे और उसकी एक आंख भी फूटी हुई थी। घटनास्थल से डॉक्टर का बैग, जिसका कुछ हिस्सा जला हुआ था, और उनकी पैशन प्रो बाइक बरामद हुई।
हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं:
फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। प्राथमिक जांच में यह पता चला है कि हत्या के समय डॉक्टर अकेले थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम थी या किसी और कारण से इसे अंजाम दिया गया।
स्थानीय लोगों में भय:
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों का बढ़ता मनोबल प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय नजदीकी इलाकों में कोई संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी या नहीं।
न्याय की गुहार:
मृतक डॉक्टर के परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। उनके अनुसार, अनिल सिंह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। इस निर्मम हत्या ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच जारी:
पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाता है या नहीं। यह घटना राज्य में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।