“NH-139 बना मौत का हाइवे, सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट का बैठक सम्पन्न

“NH-139 बना मौत का हाइवे, सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट का बैठक सम्पन्न
सारांश :
औरंगाबाद के ओबरा में NH-139 पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर सड़क दुर्घटना रोकथाम समिति की बैठक आयोजित हुई। फोरलेन निर्माण, ट्रक परिचालन पर रोक और पीड़ितों को मुआवजा जैसी मांगों को लेकर हस्ताक्षर अभियान, पुतला दहन और सड़क जाम जैसे आंदोलनों की घोषणा की गई। जनहित में ठोस कार्रवाई की मांग तेज़।
Hight Light
-
NH-139 को फोरलेन बनाने की घोषणा
-
ट्रकों के संचालन पर समयबद्ध प्रतिबंध
-
घायल/मृतकों के परिजनों को एक माह में मुआवजा
-
सड़क की तुरंत मरम्मत व लेयर पिचिंग
Report By : Chitranjan Kumar (News Era) || Date : 31 May 2025 ||
औरंगाबाद, बिहार – जिले के ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीकृष्ण स्मृति भवन में शनिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना रोकथाम समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय स्तर पर कार्य कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि, कोर कमेटी सदस्य एवं जागरूक नागरिकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य एनएच-139 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, उससे बचाव और प्रशासन पर जनदबाव बनाने की रणनीति तैयार करना था।
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा
बैठक की शुरुआत कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य मुन्ना मगध, कमलेश कुमार विक्कल, अरविंद शर्मा, कृष्णकांत शर्मा, विभूति नारायण सिंह, दीपक कुमार, अशोक सिंह, जितेंद्र शर्मा, नीरज तिवारी, बब्लू शर्मा, अरुण पासवान, अशोक पासवान, दिलीप पासवान, भोला तिवारी और धनंजय सिंह के विचारों के साथ हुई।
सभी ने बारी-बारी से एनएच-139 पर हो रही दुर्घटनाओं के कारणों, शासन-प्रशासन की उदासीनता और आम जनता की तकलीफों पर गंभीर चर्चा की।
आंदोलन की रूपरेखा और पोस्टर विमोचन
इस बैठक में आगामी आंदोलन को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई और उसका पोस्टर विमोचन भी किया गया। सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार, निम्नलिखित चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई:
-
1 जून से 10 जून: हस्ताक्षर अभियान
-
12 जून: हस्ताक्षर युक्त आवेदन जिलाधिकारी और एनएचएआई अधिकारियों को सौंपा जाएगा
-
24 जून: संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों का पुतला दहन
-
26 जून: एनएच-139 से सटे सभी बाजारों में मशाल जुलूस
-
29 जून: एक दिवसीय एनएच-139 सड़क जाम अभियान
समिति गठन की हुई घोषणा
हस्ताक्षर अभियान की जिम्मेदारी चंदन सिंह को संयोजक के रूप में दी गई, जबकि नवलेश मिश्रा, आनंद विश्वकर्मा, अशोक पासवान और मुकेश शर्मा को सह-संयोजक बनाया गया। कमलेश विक्कल इस समिति के संरक्षक होंगे।
वहीं व्यवस्था समिति की कमान मुन्ना शर्मा को सौंपी गई और उनके सहयोग में दीपक कुमार, सहजानंद कुमार डिक्कू, गुड्डू सिंह, रंजेश कुमार, कृष्णकांत शर्मा, अरविंद शर्मा और सुजीत सिंह को शामिल किया गया।
आम जनता की प्रमुख मांगें
बैठक में उपस्थित आम नागरिकों ने कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं, जिनमें प्रमुख हैं:
-
एनएच-139 पर ट्रक परिचालन पर प्रतिबंध लगाया जाए या रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ही अनुमति दी जाए, जब तक यह सड़क फोरलेन न हो जाए।
-
एनएच-139 को फोरलेन बनाने की त्वरित घोषणा की जाए।
-
सड़क पर लेयर पिचिंग का काम तुरंत प्रारंभ किया जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
-
सड़क दुर्घटनाओं में घायल या मृतकों के परिजनों को एक महीने के भीतर मुआवजा प्रदान किया जाए।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस अवसर पर पुष्कर अग्रवाल, चंदन सिंह, नवलेश मिश्रा, सहजानंद डिक्कू, आनंद विश्वकर्मा, गुड्डू सिंह, मुकेश कुमार, रॉकी दूबे सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के सदस्य, स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में ट्रस्ट के संरक्षकों ने कहा कि यह सिर्फ एक आंदोलन नहीं बल्कि जनहित की लड़ाई है। एनएच-139 पर हो रही दुर्घटनाएं अब असहनीय हो चुकी हैं और यदि शीघ्र ही समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन और तेज किया जाएगा।
एनएच-139 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं अब सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुकी हैं। सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन का यह पहल प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि यदि जनमांगों को नजरअंदाज किया गया, तो सड़कें सिर्फ सफर का माध्यम नहीं, आंदोलन का मंच बन जाएंगी।