जन सुराज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक पटना में संपन्न
Bihar News

जन सुराज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक पटना में संपन्न: चरणबद्ध तरीके से होगी विधानसभा प्रत्याशियों की घोषणा, बसंत चौधरी घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष नियुक्त
Reprot By : Bipin Kumar (News Era) || Date : 08 July 2025 ||
पटना में आज जन सुराज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने की। यह बैठक कई मायनों में अहम रही, क्योंकि इसमें संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में यह तय किया गया कि विधानसभा प्रत्याशियों की घोषणा 4 से 5 चरणों में की जाएगी, जिसकी शुरुआत जल्द ही आरक्षित सीटों से होगी।
जल्द घोषित होंगे 40 आरक्षित सीटों के प्रत्याशी
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी सबसे पहले राज्य की 40 आरक्षित विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी। यह प्रक्रिया आगामी दिनों में शुरू होगी और उसके बाद सामान्य सीटों पर चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों का चयन और घोषणा की जाएगी।
घोषणापत्र समिति का गठन
बैठक का एक और महत्वपूर्ण निर्णय पार्टी के घोषणापत्र से जुड़ा रहा। जन सुराज पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र के मसौदे को तैयार करने के उद्देश्य से एक विशेष समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता बिहार के वरिष्ठ अधिवक्ता बसंत चौधरी को सौंपी गई है। समिति के अन्य सदस्यों के नाम पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष से चर्चा के बाद तय किए जाएंगे। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि घोषणापत्र पूरी तरह जन आकांक्षाओं और जमीनी हकीकत पर आधारित होगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चुनाव आयोग से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भी गहन चर्चा हुई। पार्टी का मानना है कि राज्य में बड़ी संख्या में पात्र मतदाता सूची से वंचित हैं या फिर सूची में गड़बड़ियां हैं। इस मुद्दे को लेकर जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही चुनाव आयोग से मिलकर इस पर सुधार की मांग करेगा।
बैठक में प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
बैठक में जन सुराज पार्टी के प्रमुख चेहरों की भागीदारी भी खास रही। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, उपाध्यक्ष वाई बी गिरी, जनरल कृष्णा सिंह, आरसीपी सिंह, पूर्व विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी, विधान पार्षद अफाक अहमद, राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य विनीता विजय, राकेश कुमार मिश्रा, बसंत कुमार चौधरी, चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, प्रदेश महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, सरवर अली, मुख्यालय संयोजक एन के मंडल, ललनजी, विनोद चौधरी, ए. के. द्विवेदी, युवा अध्यक्ष डॉ. कुमार शांतनु, जितेंद्र मिश्रा, आर एन सिंह सहित प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी राज्य के हर पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करेगी। इसके लिए एक विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी और प्रदेश भर में दौरा कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में हर सीट पर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई जाए।
जन सुराज पार्टी की यह बैठक यह संकेत देती है कि पार्टी अब चुनावी मोड में प्रवेश कर चुकी है। संगठन से लेकर घोषणापत्र और प्रत्याशियों की रणनीति तक, पार्टी एक व्यवस्थित और चरणबद्ध ढांचे में काम कर रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता के मुद्दों और जन भागीदारी को केंद्र में रखकर उभरती यह पार्टी चुनावी समर में कितना प्रभाव छोड़ती है।